Home :: About Us
Follow Us:

राष्ट्रमंडल खेलों के लिए मिलेंगे 500 करोड़ रूपये

नयी दिल्ली, 30 सितंबर :भाषा: राष्ट्रमंडल खेल परियोजनाओं की गति को तेज करने के उद्देश्य से सरकार दिल्ली विकास प्राधिकरण को 500 करोड़ रूपये की अतिरिक्त धनराशि उपलब्ध करायेगी।

शहरी विकास मंत्रालय के एक वरिष्ठ अधिकारी ने कहा ‘‘ वित्त व्यय समिति ने राजधानी में राष्ट्रमंडल खेलों के आधारभूत ढांचे को पूरा करने के लिए डीडीए को 497 करोड़ रूपये की अतिरिक्त राशि मुहैया कराने के प्रस्ताव को मंजूरी प्रदान कर दी।’’ अभी तक राष्ट्रमंडल खेलों से जुड़ी विभिन्न परियोजनाओं को अमलीजामा पहनाने के लिए डीडीए को 330 करोड़ रूपये दिये गए थे।

अधिकारी ने कहा कि वर्तमान अंतरराष्ट्रीय मापदंडों को ध्यान में रखते हुए परियोजना के डिजाइन और रूपरेखा में कई तरह के बदलाव किये गए हैं।

गौरतलब है कि डीडीए स्टेडियम, खेल गांव, फ्लाई ओवर समेत राष्ट्रमंडल खेल से जुड़ी कई परियोजनाओं का निर्माण कार्य कर रहा है और इसे अक्तूबर 2010 से पहले पूरा कर लिया जायेगा।

आधारभूत संरचना पर कैबिनेट कमिटि की अगले सप्ताह होने वाली बैठक में मंजूरी के बाद डीडीए को अतिरिक्त धनराशि उपलब्ध करा दी जायेगी।

खेलगांव और फ्लाई ओवर के निर्माण के अलावा डीडीए सिरी फोर्ट स्टेडियम, साकेत स्पोर्ट्स कम्प्लेक्स और यमुना स्पोर्ट्स कम्प्लेक्स का भी निर्माण कार्य कर रही है।

Home :: About Us :: Feedback :: Contact Us
Follow Us: